यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करें : डीएम

Spread the love

जनता मिलन कार्यक्रम में 40 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ समाधान
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
जनता मिलन कार्यक्रम में सिरण गांव की निवासी लीला देवी द्वारा गांव के संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत प्रस्तुत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को मनरेगा के माध्यम से मार्ग निर्माण तथा अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को आवश्यकतानुसार नहर निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नंदानगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने छुपलागाड़ में जमा मलबे को हटाने की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के भीतर रिवर ड्रेजिंग कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। नंदानगर निवासी अवतार सिंह एवं राजेंद्र सिंह ने विस्थापन संबंधी समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार चमोली को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक के दौरान आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश देते हुए जिला विकास अधिकारी एवं स्वजल विभाग को राजजात मार्ग पर पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *