कुई के विकास को लेकर प्रशासन व रेखीय विभाग करेगें हर संभव सहयोग : डीएम

Spread the love

पाबौ ब्लॉक के कुई में बागवानी की अपार संभावनाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड पाबौ के ग्राम पंचायत कुई की 22 साल की युवा ग्राम प्रधान साक्षी ने जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया से मुलाकात की। इस मौके पर साक्षी ने बताया कि कुई में बागवानी की अपार संभावनाएं हैं। जिसके लिए विभागीय व प्रशासनिक सहयोग की आवश्कता है। उन्होंने गांव में सिंचाई के लिए सोलर पंपिंग योजना तैयार कर अमलीजामा पहनाए जाने में सहयोग की मांग की। वहीं, डीएम पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि युवा जनप्रतिनिधि सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जो सराहनीय है। कुई के विकास को लेकर प्रशासन व रेखीय विभाग हर संभाव मदद करेंगे। जिसको लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
शुक्रवार को पौड़ी डीएम से मिलने आई प्रधान ने कहा कि फसलों को जंगली जानवर नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल सुरक्षा के लिए घेरबाड़ की समुचित व्यवस्था की जाए। कहा कि कलगड़ी गाड के उफान पर आने से बरसात में ग्रामीणों के खेतों को भारी नुकसान पहुंचा है। यहां खेती को बचाने के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाय। बताया कि पंचायत में एप्पल व कीवी मिशन को धरातल पर उतारकर ग्रामीणो की आजीविका का आधार बनाया जा सकता है। जिससे ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिकी को नया मुकाम हासिल होगा। बताया कि क्षेत्र में गेहूं, धान, मंडुवा, झंगोरा सहित अन्य फसलें बहुतायत में होती हैं। लेकिन सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने और तकनीकी सहयोग के अभाव में खेती सिमट रही है। गौरतलब है कि साक्षी ने जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी से बायोटेक्टनोलॉजी में 2025 में बीटेक किया है। वह अपने गांव को आदर्श व उन्नत पंचायत के रुप में विकसित किए जाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *