पोखरी (चमोली)। राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़ में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ विधायक लखपत बुटोला ने किया। सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के बाद छात्र-छात्राओं ने कन भलु लगूदो…, कश्मीर की वादियों मा…, गगन में चमके चंदा… और नंदा तेरी जात कैलाश लिजौला सजी धजी… सहित अन्य गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी। नशा मुक्ति पर प्रस्तुत नाटक ने भी दर्शकों को जागरूक किया। पीटीए अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित पत्र विधायक को सौंपा। विधायक ने विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए विधायक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, पूर्व प्रमुख प्रीती भंडारी, प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह रावत, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष महावीर जग्गी, महामंत्री संदीप नेगी, टीपी सती, बबीता भंडारी, ग्राम प्रधान सरिता देवी, उप प्रधान किरन नेगी आदि मौजूद रहे।