मरीजों के पर्चे पर बाहर की दवाएं न लिखें चिकित्सक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष रितु खण्डूडी भूषण ने झंडीचौड़ व कलालघाटी क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को मरीज के पर्चे पर मेडिकल स्टोर की दवा लिखे जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि चिकित्सक मरीजों को अस्पताल में मौजूद दवाएं ही उपलब्ध करवाएं। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसका विशेष ध्यान रखें।
निरीक्षण के दौरान विस अध्यक्ष ने अस्पताल में रखे कर्मचारियों की उपस्थिति के रजिस्टर की भी गहनता से जांच की। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों के मामले को लेकर सीएमओ से स्पष्टीकरण भी मांगा। कहा कि स्वास्थ्य कर्मी व अन्य कर्मचारी नियमित रूप से अपनी सेवाएं दें। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को गंभीरता से कार्य करना होगा। निरीक्षण के दौरान मरीजों ने विस अध्यक्ष को चिकित्सकों द्वारा पर्चे पर बाहर की दवा लिखने की शिकायत की। जिस पर विस अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। कहा कि चिकित्सक किसी भी मरीज को बाहर की दवाएं न लिखें। बीमारियों से संबंधित उन्हीं दवाओं को दें जो स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि कलालघाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एचएससीएल की ओर से 32 बेड का आधुनिक नवजात गहन चिकित्सा इकाई का निर्माण किया गया है। कोविड रिलीफ फंड के तीन करोड से इसको तैयार करवाया गया। इससे जनता को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। इस मौके पर स्वास्थ्य प्रतिनिधि जितेंद्र नेगी, मंडल महामंत्री अभिषेक नेगी, रजत भट्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *