कंडीसौड(टिहरी)। थौलधार ब्लॉक में डोबरा-नकोटखोली (कमांद) मोटर मार्ग पर बस सेवा नहीं होने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस 20 किमी रोड पर सीमित टैक्सियां चलने से लोगों को दो-तीन किमी पैदल चंबा-धरासू हाईवे पर पहुंचना पड़ रहा है। जरूरी कार्य पड़ने पर ग्रामीणों को 50 रुपये की जगह पांच सौ में टैक्सी बुक करना पड़ रहा है। डोबरा-नकोटखोली मोटर मार्ग पर वर्षों बाद भी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है जिससे क्षेत्र के डोबरा, उप्पू, भिल्डियाना, डांग, मठियाली, ल्वारखा, मंजोली, रत्वाड़ी, चोपड़ा और नकोट खोली के ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र रांगड़, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख महावीर चंद रमोला, भगवान सिंह राणा, सुमेर सिंह पंवार, नत्थी चंद रमोला और माधव रतूड़ी ने बताया कि इस रोड पर डोबरा से आगे कोई बस सेवा नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस रोड पर सुबह-शाम सीमित टैक्सी सेवा के कारण दोपहर के समय ग्रामीणों को दो-तीन किमी की खड़ी चढ़ाई पैदल चलकर चंबा-धरासू हाईवे पर पहुंचना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने डोबरा से नकोटखोली रोड पर नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग की है।