सहसपुर (देहरादून)। सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन की मधुर धुनों के बीच डॉ. रावत ने आंखें बंद कर श्रद्धा भाव से नृत्य किया। वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने भी भक्ति के इस माहौल का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम का यह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इसके बाद डॉ. हरक सिंह रावत ने अपनी परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के रतनपुर, खुशहालपुर, सेलाकुई, बादरपुर, राजावाला और भाऊवाला ग्राम सभाओं का दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं बुद्धिजीवियों से व्यापक जनसंवाद किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों, जनहित से जुड़े मुद्दों, विकास कार्यों, पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेह शासन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता अब बदलाव चाहती है और प्रदेश में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली सरकार की जरूरत महसूस कर रही है। डॉ. रावत ने क्षेत्रवासियों से आगामी समय में जनहित, विकास और पारदर्शी प्रशासन के लिए परिवर्तन का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का भरपूर समर्थन मिला तथा लोगों ने परिवर्तन के संकल्प को मजबूत करने का विश्वास जताया। डॉ. रावत ने सभी कार्यकर्ताओं, कांग्रेसजनों और क्षेत्रवासियों का सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का समर्थन ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।