देहरादून में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम ने देर रात काठबंगला पुल, कैनाल रोड क्षेत्र में एक स्कूटी सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। आबकारी विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी की स्कूटी की तलाशी लेने पर 44 पाउच माल्टा देशी शराब तथा 49 क्वार्टर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही अवैध शराब की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। आबकारी विभाग का कहना है कि प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *