श्रीनगर गढ़वाल : शहर में पेयजल आपूर्ति पटरी पर नहीं लौट पा रही है। पिछले कई दिनों से अनियमित जलापूर्ति बनी हुई है। कहीं एक समय ही पानी मिल रहा है तो कहीं केवल 10 से 15 मिनट तक ही सप्लाई हो रही है। इससे घरों की पानी की टंकियां भी नहीं भर पा रही हैं और लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
शहर के बाह्मण मोहल्ला, एजेंसी मोहल्ला, नर्सरी रोड सहित कई क्षेत्रों में लोग नियमित पानी की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासी दिनेश और ममता ने बताया कि पहले सुबह और शाम दोनों समय पानी मिलता था, लेकिन अब कई जगह केवल एक समय ही पानी आ रहा है। रचना ने बताया कि सुबह बच्चों को स्कूल भेजने से पहले खाना और नाश्ता तैयार करना होता है, लेकिन समय पर पानी नहीं मिलने से सभी काम प्रभावित हो जाते हैं। घर की पानी की टंकियां भी कई दिनों से पूरी नहीं भर पा रही हैं। एजेंसी मोहल्ला निवासी विजय रावल ने बताया कि पानी तो आ रहा है, लेकिन बहुत कम मात्रा में। इससे जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने जल संस्थान से नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता अर्पित मित्तल ने बताया कि जिन क्षेत्रों से पानी की कम आपूर्ति हो रही है वहां कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। (एजेंसी)