बिग ब्रेकिंग

पांच होल्यारों की जान लेने वाले दुर्घटनाग्रस्त मैक्स वाहन का चालक गिरफ्तार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

होली से पहले दिन गुरुवार को पैठाणी क्षेत्र में मैक्स दुर्घटना में चार लोगों की गई थी जान, शुक्रवार को एक और व्यक्ति के उपचार के दौरान तोड़ा दम, नौ लोग हैं घायल
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी/कोटद्वार : होली से पहले दिन 17 मार्च को पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी क्षेत्र में हुए मैक्स दुर्घटना मामले में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में मैक्स वाहन में सवार चार लोगों की 17 मार्च को ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति की शुक्रवार को श्रीनगर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य नौ घायलों का पौड़ी व श्रीनगर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पैठाणी थाने के प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि चमोली जिले के बिसौणा गांव के युवा होल्यारों की टोली 17 मार्च गुरुवार को दो मैक्स वाहन व पांच बाइकों में बैठकर पौड़ी जिले के पैठाणी क्षेत्र में आई थी। दिनभर होली खेलने और पैठाणी के विभिन्न गांवों में नाचने-गाने के बाद ये सभी होल्यार पैठाणी बाजार में खाना खाने के लिए रुके। तभी कुछ लोग एक मैक्स वाहन में बैठ गए और डम्पर चालक एक व्यक्ति इस मैक्स वाहन को लेकर बिसौणा गांव की ओर निकल गया। जबकि इस मैक्स वाहन का असली चालक अभी पैठाणी बाजार में ही खाना खा रहा था। इस दौरान पैठाणी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर चुठाणी बैंड के पास उक्त मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। जिससे मैक्स वाहन में सवार अमित नेगी पुत्र महेंद्र सिंह उम्र 16 वर्ष, रोहित सिंह पुत्र शेर सिंह उम्र 19 वर्ष, बलवंत सिंह पुत्र कल्याण सिंह उम्र 21 वर्ष, संतोष पुत्र आनंद सिंह उम्र 22 वर्ष सभी निवासीगण ग्राम बिसौणा पट्टी चांदपुर जनपद चमोली की मौत हो गई थी। शुक्रवार को उपचार के दौरान नरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह उम्र 32 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में अन्य नौ घायलों का उपचार चल रहा है।
इस मामले में मृतक रोहित के पिता शेर सिंह ने पैठाणी थाने में तहरीर दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने डम्पर चालक गजराज पंवार निवासी-कडियालगांव, टिहरी गढ़वाल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने (जिससे लोगों की मौत हो गई) समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गत शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी चालक को त्रिपालीसैंण रोड बनास बैंड से गिरफ्तार कर लिया।

वाहन में नहीं मिली तकनीकी खराबी
कोटद्वार के सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय की टीम ने शुक्रवार को पैठाणी पहुंच दुर्घटनाग्रस्त मैक्स का मुआयना किया। संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) प्रदीप सिंह रौथाण ने बताया कि मैक्स में किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं पाई गई।

पेड़ ने बचाई अन्य की जान
पुलिस ने बताया कि जिस चुठाणी बैंड पर मैक्स दुर्घटना हुई, वहां सड़क किनारे पैराफिट भी लगे हुए हैं। मैक्स पैराफिट से आगे निकलने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बताया कि खाई में मैक्स एक पेड़ से भी टकराई। यदि मैक्स पेड़ से न टकराती तो अन्य की जान भी जा सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!