पहाड़ों पर बर्फबारी से दिल्ली में बढ़ेगी ठिठुरन, कल आसमान में छाएंगे बादल; घटेगा न्यूनतम तापमान

नई दिल्ली , एजेंसी। पहाड़ों से मैदानी इलाकों में आने वाली सर्द हवा राजधानी में ठंड और बढ़ाएगी। मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। ऐसे में धूप हल्की रहेगी, इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। वहीं, सुबह कोहरे की मोटी चादर देखने को मिलेगी। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी से दिल्ली में ठिठुरन बढ़ेगी। आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी दस्तक देगी।
विभाग का अनुमान है कि अब लगातार तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मंगलवार को औसतन न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का संभावना है।
सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान में अन्य दिनों के मुताबिक वृद्धि देखने को मिली। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से एक डिग्री कम है। कुछ इलाकों में तो न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री से नीचे रहा। उधर औसत अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक दिन के तापमान में अब गिरावट देखने को मिलेगी। सोमवार को कोहरे के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिली। मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय धूप कम खिल रही है और सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। हवा उत्तर-पश्चिम की दिशा से चली, वहीं हवा की गति 16 किलोमीटर प्रतिघंटा रही।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 6.8 दर्ज किया गया, यह अन्य इलाकों से सबसे ठंडा दर्ज किया गया। वहीं, आया नगर में 8, मुंगेशपुर में 7.7, जाफरपुर में 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, नरेला में 24.4, पीतमपुरा में 23.0, पालम में 20.0 व पूसा में 21.9 अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *