थराली। चमोली जिले के सीएचसी थराली में सात दिनों से चल रहा आंदोलन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने एक माह में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित चिकित्सा व सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती का भरोसा दिया है।चमोली जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में अल्ट्रासाउंड सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता और पर्याप्त चिकित्सा एवं सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की मांग के लिए ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे। सोमवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्ण धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। विभाग ने एक माह में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया। साथ ही सप्ताह में दो दिन बुधवार और बृहस्पतिवार को सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ तथा निश्चेतक की सेवाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए। सीएचसी थराली में एक चिकित्सा अधिकारी, दो स्टाफ नर्स, एक एएनएम और तीन सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति के आदेश भी जारी हुए। आंदोलनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल आश्वासन पर स्थगित हुआ है। यदि निर्धारित एक माह में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू नहीं होती और अन्य व्यवस्थाएं धरातल पर नहीं आतीं तो वे फिर आंदोलन तेज करेंगे। इस मौके पर कैलाश जोशी, सचिव पवन रावत, योगेश देवराड़ी, अभिषेक मिश्रा, हरीश चन्दोला, देवकांत देवराड़ी, मोहन राम आर्या, सन्दीप कुमार, योगी ठाकुर, मुकेश पुरोहित, मनवर सिंह, सावन बिष्ट, पूजा शर्मा, हेमलता गड़िया, कला देवी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।