उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम में गुरुवार को स्नान के दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु गंगा के तेज बहाव में बहने लगे। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के कबीरधाम निवासी 77 वर्षीय चंद्रहास सिंह अपनी पत्नी के साथ गंगा स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह मुख्य धारा में बहने लगे। मौके पर ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ कांस्टेबल नवीन पोखरिया ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लाइव बॉय और पहले से लगी फंदे युक्त सुरक्षा रस्सियों की मदद से गंगा में छलांग लगाकर श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवान की तत्परता और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना को देखने वाले श्रद्धालुओं और पंडा समाज ने एसडीआरएफ जवान के साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।