राज्यसभा की 24 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव, खड़गे समेत कई सांसदों की विदाई

Spread the love

नईदिल्ली, चुनाव आयोग ने शुक्रवार को राज्यसभा की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की घोषणा कर दी है। जून-जुलाई में 10 राज्यों के 24 सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। आयोग के मुताबिक, अधिसूचना 1 जून को जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है। उम्मीदवार 11 जून तक नामांकन वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा और वोटों की गिनती शाम 5 बजे शुरू होगी। 21 से 25 जून के बीच आंध्र प्रदेश से 4, गुजरात से 4, कर्नाटक से 4, मध्य प्रदेश से 3, झारखंड से 2, राजस्थान से 3 सांसदों की विदाई होगी। साथ ही, मणिपुर, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश से 1-1 सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। 19 जुलाई को मिजोरम में एक सांसद का कार्यकाल समाप्त होगा। झारखंड में खाली होने वाली 2 सीटों में एक सीट शिबू सोरेन की है, जिनका 4 अगस्त, 2025 को निधन हो गया था।
जून में जिन सांसदों की विदाई होने वाली है, उसमें भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं। इनमें मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और राजस्थान से रवनीत सिंह शामिल हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का कार्यकाल भी जून में समाप्त होगा। कर्नाटक से पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी कार्यकाल समाप्त होगा। खड़गे इस समय राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *