देहरादून। राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को गांधी रोड स्थित रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न निगमों के कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की मांगों और अन्य विषयों पर विचार विमर्श किया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि महासंघ द्वारा पूर्व में शासन व राज्य सरकार को प्रेषित मांग पत्र पर यदि आगामी 21 दिनों के भीतर कर्मचारियों के हित में कोई सकारात्मक व ठोस निर्णय नहीं होता तो राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ प्रदेशव्यापी कार्यबहिष्कार करने के लिए बाध्य होगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे महासंघ के अध्यक्ष दिनेश पंत ने कहा कि इसमें प्रदेश के 9 निगमों के उपनल, विशेष श्रेणी, संविदा, पीटीसी, अंशकालिक और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी भाग लेंगे।
इस दौरान महासचिव श्याम सिंह नेगी, टीएस बिष्ट, मुकेश नैथानी, दिवाकर शाही आदि मौजूद रहे।