देहरादून। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि यात्रा को शुरू हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है और अब तक रिकॉर्ड 23 लाख 65 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर पुण्य कमा चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बुधवार को आईजी स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड में इस वर्ष की पवित्र चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है।यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हर स्तर पर व्यापक और चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा प्रतिदिन यात्रा मार्गों और प्रमुख धामों पर उमड़ रही भीड़ की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है।भीड़ नियंत्रण को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल और अधिकारियों की तैनाती की गई है। पिछले सप्ताह से ही अतिरिक्त राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी सीधे ‘ग्राउंड जीरो’ पर रहकर कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को खुद संभाल रहे हैं। इसके अलावा, संवेदनशील और अत्यधिक भीड़ वाले क्षेत्रों, विशेषकर जनपद रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम में, कुमाऊं परिक्षेत्र से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।————-चौबीस घंटे मुस्तैद हैं सुरक्षाकर्मी: आईजी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों तथा धामों पर पैरामिलिट्री फोर्स, प्रांतीय रक्षक दल, एसडीआरएफ और स्थानीय जिला पुलिस मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। जवान 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कहा कि यात्री पुलिस व प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।