ऊर्जा निगम 21 करोड़ के सापेक्ष 7 करोड़ ही वसूल पाया
हल्द्वानी। ऊर्जा निगम का शहरी डिविजन 21 करोड़ राजस्व के सापेक्ष अभी तक केवल 7 करोड़ ही जमा कर पाया है। निगम ने बकाया वसूली को दिसंबर से अभियान चलाया है। निगम के शहरी डिविजन ने इसके लिए 21 करोड़ की धनराशि के बिलों की वसूली का लक्ष्य रखा था। पर तीन माह बीतने के बाद अभी तक केवल सात करोड़ ही जमा हो पाया है। बताया जा रहा है पूर्व में बिल में ब्याज की टूट नहीं मिलने से लोग बकाया जमा करने से बच रहे हैं। ऐसी स्थिति में विभाग को लक्ष्य पूरा करने के लिए मार्च में 14 करोड़ बिल की वसूली करनी होगी। अधिशासी अभियंता विनोद पांडे ने बताया अधिकांश धनराशि विभागों से जमा होनी है। इस माह में इसकी वसूली की जाएगी।