एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार सरकार: अमित शाह

-राहुल गांधी को बहस की चुनौती, बोले- गंभीर हैं तो प्रधानमंत्री को लिखें पत्र; वियतनाम दौरे का भी मांगा हिसाब
करनाल , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें संसद में खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है। यदि राहुल गांधी इस विषय पर चर्चा को लेकर वास्तव में गंभीर हैं तो उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखना चाहिए। शाह हरियाणा के करनाल में भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देते हैं, लेकिन यदि वह वास्तव में चर्चा करना चाहते हैं तो उन्हें इसके लिए औपचारिक पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा, आप मोदीजी को बहस के लिए चुनौती देते हैं। अगर आप चर्चा करने को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें एक पत्र लिखें। हम संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं।
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की राजनीतिक संस्कृति में अराजकता पैदा करना शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विभिन्न मुद्दों के माध्यम से देश में भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
गृह मंत्री ने राहुल गांधी के हालिया वियतनाम दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, राहुल जी, आप अभी वियतनाम से लौटे हैं। लोगों को अपनी विदेश यात्राओं का हिसाब दें। आप नेता प्रतिपक्ष हैं और लोगों को यह जानने का अधिकार है। शाह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि वे अपनी गतिविधियों और विदेश यात्राओं के बारे में जनता को जानकारी दें।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक जनसभा में आरोप लगाया था कि कुछ बाहरी ताकतें भारत को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उनका यह बयान विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों के संदर्भ में आया था।
इसके जवाब में राहुल गांधी ने सामाजिक माध्यम मंच एक्स पर प्रधानमंत्री पर पलटवार किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने और पद पर बने रहने के लिए विदेशी मदद पर निर्भर हैं तथा विदेशी सामाजिक माध्यम मंच भी उनका समर्थन कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को किसी भी मंच पर खुली बहस की चुनौती भी दी थी। अब अमित शाह ने एसआईआर के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की तत्परता जताते हुए राहुल गांधी से औपचारिक रूप से चर्चा की मांग करने को कहा है। इससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *