किसान नेता डल्लेवाल का आमरण अनशन 131 दिन बाद खत्म, महापंचायत में किया ऐलान

लुधियाना ,संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 131 दिन बाद अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने रविवार को फतेहगढ़ साहिब की सरहिंद अनाज मंडी में आयोजित एक किसान महापंचायत के दौरान इसकी घोषणा की। यह घोषणा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा एक दिन पहले डल्लेवाल से अनशन खत्म करने की अपील के बाद आई है, जिसमें उन्होंने 4 मई को चंडीगढ़ में किसानों के साथ बैठक करने का प्रस्ताव रखा था।महापंचायत को संबोधित करते हुए डल्लेवाल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए आंदोलन को समाप्त कराया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की मांगों पर और लंबे समय से किसानों द्वारा किए जा रहे अनुरोध के बाद उन्होंने अपना आमरण अनशन तोड़ा है।
बता दें कि डल्लेवाल ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सहित विभिन्न मांगों को लेकर 26 नवंबर, 2024 को अपना अनशन शुरू किया था। इससे पहले, 19 मार्च को पंजाब पुलिस ने जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवण सिंह पंधेर और अन्य किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया था और खनौरी तथा शंभू सीमाओं को खाली करा दिया था। पुलिस ने डल्लेवाल को पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ से उन्हें 3 अप्रैल को छुट्टी मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *