शनिवार को पहाड़ी रूट पर अचानक बढ़ी वाहनों की संख्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे पारे ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में शनिवार व रविवार की छुट्टियों में मैदानवासी पहाड़ की राह पर निकल चुके हैं। यही कारण था कि शनिवार को शहर की सड़कों पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही रही। कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।
करीब दो सप्ताह से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप व उमस ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया। ऐसे में लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। नतीजा शनिवार व रविवार को अवकाश होने के बाद अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ लैंसडौन, गुमखाल, ताड़केश्वर, चरेख सहित अन्य स्थानों पर पहुंच रहे हैं। कोटद्वार शहर के मध्य से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्यटकों के वाहनों के कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जाम देखने को मिला। अधिकांश स्थानों पर सड़क का पुश्ता ढहने के कारण वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पा रहा था। हालांकि, पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे। लेकिन, अचानक बढ़ी वाहनों की तादाद को संभालना उन्हें भी भारी पड़ गया।
सड़क पर खड़े वाहन
शहर में पर्किंग व्यवस्था नहीं होने से यातायात व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। हालत यह है कि मजबूरन पर्यटकों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं। जिससे जाम की अधिक स्थिति बन रही है। ऐेसे में आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। शहरवासी कई बार नगर निगम व प्रशासन से पार्किंग व्यवस्था करने की भी मांग उठा चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई गई।