कोटद्वार-पौड़ी

मैदानी क्षेत्रों को बढ़े यात्री, बस के लिए मारामारी

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

दीपावली की छुट्टी खत्म होने के बाद वापस लौट रहे प्रवासी
यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए परिवहन निगम के बढ़ाई बसें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: दीपावली की छुट्टी खत्म होते ही बुधवार को मैदानी क्षेत्रों में वापस लौट रहे यात्रियों के बीच सीट के लिए मारामारी मची रही। लोगों को बस अड्डे और सड़कों पर बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्रियों का अधिक दबाव देखते हुए परिवहन निगम ने मैदानी क्षेत्र के लिए बसों की संख्या बढ़ा दी है।
बुुधवार को लोग अपने गांव से दीपावली पर्व मनाकर वापस मैदानी क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। सुबह दस बजे तक लोग उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो में पहुंचे। कुछ ही समय में यात्रियों की भीड़ जमा लग गई। एक के बाद एक बस भरकर जाने लगी, बसों की कमी के चलते लोगों को घंटो बसों का इंतजार कर परेशानी उठानी पड़ी। अचानक बढ़ी यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने दिल्ली के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया। कोटद्वार डिपो के एजीएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि दीपावली की छुट्टियों से लौट रहे यात्रियों का दबाव अधिक होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए रूटीन की बसों के अलावा अन्य बसों की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में दिल्ली रूट पर 28 बसों का संचालन किया जा रहा है।
पहाड़ के लिए सवारियों का इंतजार
बुधवार को अधिकांश लोग पहाड़ से कोटद्वार बस अड्डे में मैदानी क्षेत्र को जाने के लिए पहुंच रहे थे। यही कारण था कि पहाड़ से आने वाले सभी वाहन सवारियों से पूरी तरह भरे हुई थी। वहीं, कोटद्वार से पहाड़ जाने वाले वाहनों को सवारियों का इंतजार करना पड़ा। जबकि, कुछ दिन पूर्व तक पहाड़ के लिए यात्रियों की भारी भीड़ थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!