उत्तरकाशी। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन और नशामुक्त अभियान के तहत पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। मोरी क्षेत्र में अफीम की खेती को बड़े पैमाने पर नष्ट किया गया है। कार्रवाई में 31 भू-स्वामियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में अभियान चलाया गया। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान और थानाध्यक्ष दीपक रावत के नेतृत्व में रविवार को थाना मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम पेन्सर के कनुरा तोक में छापे मारे। दुर्गम क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 75 वर्ग मीटर क्षेत्र में उगाई जा रही अवैध अफीम की फसल को मौके पर ही नष्ट किया। अधिकारियों ने पोस्त के डंठलों के सैंपल भी एकत्र किए जिन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजा जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया कि खेती बिना किसी वैध लाइसेंस के की जा रही थी। मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए 31 भू-स्वामियों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी सघन कार्रवाई जारी रहेगी। संयुक्त टीम में तहसीलदार सरदार सिंह चौहान, थानाध्यक्ष दीपक रावत, कानूनगो अनिल असवाल, राजस्व उपनिरीक्षक संजय चौहान शामिल रहे।