उत्तरकाशी। यमुनाघाटी के यात्रा व्यवसायियों ने विकासनगर के कट्टा पत्थर में स्थापित आरटीओ चेक पोस्ट को हटाने की मांग की है। इसको लेकर उन्होंने सोमवार को उपजिलाधिकारी बड़कोट के माध्यम से मुख्यमंत्री और डीएम को ज्ञापन भेजा। साथ ही पालीगाड़ में जिला पंचायत की ओर से लगाए गए ईको टैक्स बैरियर का विरोध जताया है। यात्रा व्यवसायियों ने कहा कि आरटीओ के चेक पोस्ट के कारण पूर्व में चारधाम यात्रा प्रभावित हुई थी और बड़ी संख्या में यात्रियों की बुकिंग निरस्त हुई थी। व्यवसायियों का कहना है कि मुख्यमंत्री की ओर से पूर्व में चेक पोस्ट न लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद फिर से चेक पोस्ट लगाया गया। उन्होंने यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए तत्काल चेक पोस्ट हटाने की मांग की। इसके अलावा जिलाधिकारी को दिए गए दूसरे ज्ञापन में पालीगाड़ में जिला पंचायत की ओर से लगाए गए ईको टैक्स बैरियर का विरोध जताया। व्यवसायियों ने इसे अवैध बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों और स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में यमुना घाटी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, विधि सलाहकार वीरेंद्र सिंह पयाल, उपाध्यक्ष जगेंद्र राणा, राधेकृष्ण राणा, अनिल चौहान, शैलेन्द्र सिंह राणा, लोकेश चौहान आनंद नेगी, बृजमोहन चौहान, सुनील राणा आदि मौजूद रहे।