हरिद्वार। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा में बुधवार शाम एक किशोर पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने से 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके कूल्हे में लगी। परिजन उसे उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर मोहनपुरा निवासी 17 वर्षीय प्रियांशु बुधवार रात खाना खाने के बाद मोहनपुरा गेट के आसपास टहल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों में से एक ने तमंचा निकालकर किशोर पर तान दिया। खतरा भांपकर किशोर ने वहां से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। गोली किशोर के कूल्हे में जा लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से मौके से फरार हो गए।
बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने की बात
परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले किशोर की बहन के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। किशोर ने इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बाद में उस पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस जांच में सोशल मीडिया पर की गई किसी टिप्पणी को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पोस्ट अथवा टिप्पणी के बाद किशोर को कथित तौर पर धमकियां भी मिली थीं। ऐसे में फायरिंग की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
गोली लगने के बाद परिजन घायल किशोर को तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। गोली लगने के कारण उसकी हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के अनुसार, पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक पुलिस को घटना के संबंध में लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दस दिन पहले भी इसी इलाके में हुई थी फायरिंग
मोहनपुरा क्षेत्र में फायरिंग की यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि करीब दस दिन पहले भी इसी इलाके में गोली चलने की घटना सामने आई थी। उस मामले में एक पिज्जा कारोबारी को गोली मारने का प्रयास किए जाने का आरोप लगा था। मामले में चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, उस प्रकरण में अभी एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं से मोहनपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।