पहली फ्लाइट साढ़े तीन घंटे देरी से, दूसरी रद्द

Spread the love

रुद्रपुर()। मंगलवार को कोहरे के चलते पंतनगर एयरपोर्ट में दृश्यता बहुत कम थी। इसके चलते इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली-पंतनगर के बीच पहली फ्लाइट साढ़े तीन घंटे की देरी से पंतनगर पहुंची और लगभग पांच बजे वापस दिल्ली लौटी। जबकि शाम चार बजे पंतनगर पहुंचने वाली दूसरी फ्लाइट रद्द कर दी गईं। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 800 मीटर रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) की आवश्यकता होती है, लेकिन मंगलवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर दृश्यता मात्र 500 मीटर ही थी। निर्धारित मानकों से कम दृश्यता होने के कारण विमान को उतारना संभव नहीं था। इसलिए इंतजार करने के बाद दृश्यता बढ़ने पर इंडिगो की पहली उड़ान संख्या 6ई-7324 को दिल्ली में साढ़े तीन घंटे की देरी से टेक आफ की अनुमति मिली। यह दोपहर 13:05 बजे पंतनगर पहुंचती है। जबकि दूसरी उड़ान संख्या 6ई-7156 को रद्द कर दिया गया। यह शाम 16:15 बजे पंतनगर पहुंचती है। पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। इसलिए दृश्यता बढ़ने पर पहली उड़ान को दिल्ली से साढ़े तीन घंटे देरी से संचालन की अनुमति मिली, जबकि दूसरी उड़ान को रद्द कर दिया गया। एयरलाइंस प्रबंधन की ओर से यात्रियों को पूर्ण किराया वापसी अथवा सड़क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाने का विकल्प दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *