कोटद्वार-पौड़ी

लैंसडौन व नैनीडांडा में सीजन का पहला हिमपात, गिरा तापमान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

अचानक बदले मौसम के मिजाज से पर्यटक व ग्रामीण हुए चकित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन व नैनीडांडा में गुरुवार को सीजन का पहला हिमपात देखने को मिला। अचानक बदले मौसम के मिजाज से तापमान दस डिग्री से गिरकर माइनस एक डिग्री तक पहुंच गया। इस दौरान सैलानियों ने भी बदलते मौसम का खूब आनंद लिया।
गुरुवार को नैनीडांडा क्षेत्र में धूप खिली हुई थी। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और हिमपात शुरू हो गया। मौैसम का यह मिजाज देख ग्रामीण भी चकित रह गए। ग्रामीणों का कहना था कि दो दिन पूर्व क्षेत्र में बारिश हुई थी। जिसके बाद मौसम पूरी तरह खुला हुआ था। लेकिन, अचानक मौसम ने रूख बदला और हिमपात हो गया। वहीं, लैंसडौन में भी यही स्थिति देखने को मिली। हालांकि, यहां सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर करीब ढाई बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और हल्का हिमपात शुरू हो गया। तापमान दस डिग्री से गिरकर माइनस एक डिग्री तक पहुंच गया। इस दौरान लैंसडौन पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय लोगों में बर्फ को देखकर खासा उत्साह दिखा। लेकिन, बर्फ चंद समय के लिए ही गिरी। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया।

मैदान में खिली धूप
एक ओर जहां लैंसडौन व नैनीडांडा में हिमपात देखने को मिला वहीं, कोटद्वार में पूरे दिन तेज धूप खिली हुई थी। धीरे-धीरे शहरवासियों को गर्मी का एहसांस होने लगा है। लेकिन, पहाड़ों में बदले मौसम का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!