देश-विदेश

केदारनाथ दर्शन के लिये जा रही कार दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

बुलंदशहर ,एजेंसी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर श्रद्घालुओं को ले जा रही एक स्कर्पियो कार मंगलवार को तडके राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा गयी, जिससे पांच लोगों की मृत्यु हो गयी और छह अन्य घायल हो गये। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि तीर्थयात्रियों को ले जा रही स्कर्पियो कार बुलंदशहर मेरठ राजमार्ग पर खड़े ट्रक से सुबह लगभग साढ़े चार बजे टकरा गयी। यह घटना राजमार्ग संख्या 235 पर बुलन्दशहर के बराल गांव के पास हुयी। मृतक एवं घायलों में एक ही परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि 06 अन्य यात्री घायल हुए हैं। घायलों में तीन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों की पहचान हार्दिक माहोर (03 साल) एवं वंश माहोर (05 साल) पुत्र हरेन्द्र, निवासी, देवीपुरा, बुलंदशहर, शालू (21 साल) पुत्री उमेश कुमार, निवासी देवीपुरा, बुलंदशहर, हिमांशु अग्रवाल (25 साल) पुत्र नीरज अग्रवाल, निवासी आवास विकास, बुलंदशहर और शिकोहाबाद निवासी पारस (22 साल) पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुयी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरु कर दिया। घायलों को उपचार हेतु स्थानीय अस्पताल में भिजवा दिया गया है। गंभीर रूप से घायलों में हरेन्द्र (31 साल) पुत्र रोशन लाल, उनकी पत्नी रिंकी (28 साल) एवं बहन बेबी (11 साल) शामिल हैं। मृतक पारस की बहन सिंकी (27 साल) व दामिनी (20 साल) घायलों में शामिल हैं।
इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!