श्रीनगर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रीनगर गढ़वाल : महाशिवरात्रि पर नगर क्षेत्र के शिवालय भोले बाबा के जयकारों से गूंज उठे। हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं नागेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को चार पहर आरती और रुद्रीपाठ का आयोजन किया गया।
नगर क्षेत्र के सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव, किलकिलेश्वर महादेव, नागेश्वर महादेव, चंद्रेश्वर महादेव मंदिर, कटकेश्वर महादेव, अल्केश्वर महादेव मंदिर, शंकरमठ सहित नगर क्षेत्र के अनेकों मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भोले बाबा को बेर, धतूरा, बेल-पत्र, गंगा जल और दूध से भोले बाबा का विधिवत रूप से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। शिवालयों में शिव भक्त बड़े-बुजुर्ग, युवतियां लंबी-लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी आने पर पूजा-अर्चना के लिए उत्सुक नजर आये। नगर क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही लम्बी कतारें देखने को मिली। इस मौके पर कमलेश्वर मंदिर के महंत आशुतोष पुरी, शाश्वत धाम लछमोली में स्वामी अद्वैतानंद महाराज, नागेश्वर महादेव मंदिर के महंत नितिन पुरी ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। (एजेंसी)