भोजन माताओं को स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन के दिए गए टिप्स

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पीएम पोषण योजना के तहत विकासखंड एकेश्वर के 106 विद्यालयों की 110 भोजन माताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण में स्वच्छता, पोषण और गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन तैयार करने के साथ खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।


खंड विकास कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्कूली पोषण योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिक्षा से निरंतर जुड़ाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भोजन माताओं के समर्पित प्रयासों से विद्यालयों में छात्र नामांकन और उपस्थिति में सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली है। डॉ. अमरोही ने प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली भोजन माताओं को सम्मानित करने की बात भी कही। प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारी यतेंद्र मोहन धस्माना ने कुपोषण से मुक्ति और संतुलित पोषण के महत्व पर जानकारी दी। बीआरपी दीपिका रावत ने रसोईघर की स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, बीआरपी शालिनी रावत ने भोजन माताओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता, जबकि बीआरपी अरविंद सिंह ने स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में भोजन माताओं को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्ता युक्त मध्यान्ह भोजन तैयार करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए, ताकि विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *