देश-विदेश

जदयू की पूर्व सांसद मीना सिंह बेटे के साथ भाजपा में शामिल, बोलीं- नीतीश की पार्टी का बिहार से नाम मिट जाएगा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

पटना , एजेंसी। जदयू की पूर्व सांसद मीना सिंह ने रविवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके पुत्र व एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह भी भाजपा के सदस्य बन गए।
सांसद पति अजीत सिंह की मृत्यु के बाद मीना सिंह बिक्रमगंज के उप चुनाव में विजेता रही थीं। उसके बाद वे लोकसभा के चुनाव में विजयी रहीं।
अब संभावाना है कि मीना के पुत्र विशाल को भाजपा आरा संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बना सकती है। पिछली दो बार से आरा से आरके सिंह भाजपा के टिकट पर विजयी रहे हैं।
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए विधान परिषद में विरोधी दल के नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार की उल्टी गिनती शुरू कर दी है।
अब कहां से वे बचेंगे, आएगी तो भाजपा ही। मिलन समारोह में आए यूपी के कैसरगंज के सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि बिहार को भाजपा की जरूरत है, तभी बिहार सुधरेगा।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मीना सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जेडीयू में अब कुछ नहीं बचा है।
जिन्होंने नीतीश कुमार के संघर्ष में साथ दिया, वे सभी भुला दिए गए। जंगलराज के युवराज ही उन्हें सबसे अधिक प्रिय लगने लगे हैं, लेकिन बिहार की जनता को यह मंजूर नहीं है।
नीतीश कुमार कहते हैं कि पार्टी में लोग रोज आते हैं-जाते हैं, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मैं उन्हें बता देना चाहती हूं कि आपने जो रवैया अपना रखा है, 2025 में बिहार से जेडीयू का नाम ही मिट जाएगा।
मिलन समारोह में एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह ने कहा कि बिहार को न फिर से बंदूक का राज चाहिए और न घोटाले का राज।
उन्होंने कहा कि मेरे पिता अजीत सिंह ने नीतीश कुमार का साथ दिया था, जंगल राज को खत्म करने को। 2004 के लोकसभा चुनाव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने पिता के चुनाव में बिक्रमगंज में आया था।
ऐसा लगता था, जेल में आ गया हूं। छह राइफल वाले साथ चलते थे। पर, भाजपा के सहयोग से इस बुरे दौर को 2005 में खत्म किया गया था। लेकिन अब क्या, नीतीश कुमार फिर से उन्हीं लोगों के साथ हो गए हैं।
जो कहते थे, हमें न अपराध बर्दाश्त है और न भ्रष्टाचार। अब, वे उन्हीं को सत्ता सौंपना चाहते हैं, जो नौकरी बेचने, चारा खाने और अपराध को बढ़ावा देने के लिए बदनाम रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मीना और विशाल का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि जेडीयू में अब कुछ नहीं बचा है। नीतीश कुमार खुद को खत्म कर चुके हैं।
लालू यादव को घेरते हुए जायसवाल ने कहा कि वे अभी और भोगेंगे। उनके जंगलराज के दिनों में जितनी महिलाएं विधवा हुईं, जितने बेटे अगवा हुए, सबों की हाय लगेगी। 2025 में अब बिहार में बीजेपी की सरकार ही बनेगी। देश और प्रदेश दोनों को नरेन्द्र मोदी ही चाहिए।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मिलन समारोह में उपस्थित जनसमूह की ओर इशारा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार देख लें- अब आपके पास कुछ भी नहीं बचा है।
बिहार को सुशासन भाजपा ही देगी। 2024 में देश और 2025 में बिहार जीतेंगे। बिहार को विकास की राह पर ले जाना भाजपा का संकल्प है।
मिलन समारोह को औरंगाबाद के सांसद सुशील सिंह ने भी संबोधित किया। मीना सिंह के साथ जेडीयू भोजपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा के अलावा भोजपुर जिले के कई पार्टी पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!