श्रीनगर गढ़वाल : भाजपा पार्टी स्थापना दिवस और आंबेडकर जयंती को मनाने से पूर्व भाजपा श्रीनगर मंडल ने शुक्रवार को कार्यक्रम व्यवस्था बैठक आयोजित की। बैठक में नगर निगम के पार्षद, बूथ अध्यक्ष, सक्रिय सदस्य, प्राथमिक सदस्य और वर्तमान संगठन के पदाधिकारियों ने चर्चा की। मुख्य वक्ता भाजपा पौड़ी के पूर्व जिला अध्यक्ष संपत सिंह रावत कहा कि पार्टी 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है, जिसमें सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता प्राथमिक सदस्य एवं सक्रिय सदस्य अपने-अपने घरों पर झंडा फहराकर सेल्फी के साथ एक विशेष लिंक पर अपलोड करेंगे। बताया कि 7 अप्रैल को प्राथमिक सदस्यों का सम्मेलन और 8 अप्रैल से 10 अप्रैल के मध्य सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन होगा। रावत ने बताया कि 13 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थल पर साफ-सफाई की जाएगी और 14 अप्रैल को अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के साथ-साथ जयंती को ऐतिहासिक रूप में मनाया जाएगा। मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व से मिले दिशा निर्देश के अनुसार पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि बस्ती चलो अभियान में प्रतिभाग करेंगे जो 10 अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच में संपन्न होगा। कहा कि मंदिर, अस्पताल, स्कूल और गलियों में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान मंडल महामंत्री संजय गुप्ता ने किया। मौके पर निवर्तमान जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विपिन चंद्र मैठानी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष नगमा तौफिक आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)