पिल्ला गैंग के चार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

हरिद्वार। कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कुख्यात पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। भूपतवाला से लेकर लक्सर तक फैले गैंग के अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कनखल क्षेत्र में पिछले कुछ समय से युवकों के बीच मारपीट और दबंगई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में सादे कपड़ों में पुलिस टीमों को जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में सक्रिय किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि 10 अप्रैल को कनखल निवासी कुलदीप कुमार ने बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में पिल्ला गैंग के सदस्यों ने युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सक्षम उर्फ सावन निवासी विकास कॉलोनी पुराना रानीपुर मोड़, राजकुमार उर्फ जौंग निवासी जमालपुर कनखल और नितिश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा निवासी जगजीतपुर को गिरफ्तार कर लिया। एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी नितिश उर्फ खबड़ा पहले से हत्या के प्रयास के मुकदमे में नामजद है। हाल ही में उसके खिलाफ रुपये मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *