बिग ब्रेकिंग

मुफ्त के सपने और झूठे वायदे करने वालों ने देश को गड्ढे में धकेला : केंद्रीय मंत्री वीके सिंह

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-केंद्रीय मंत्री बोले, भाजपा विकास कार्यों के दम पर मांगती है वोट
-विपक्षी मुफ्त की झूठी घोषणाएं कर जनता को कर रहे बरगलाने का कार्य
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा चुनाव में भाजपा को छोड़ अन्य सभी दल मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी समेत कई वायदे कर रहे हैं। वह आम जनता को झूठे सपने दिखाकर बरगलाने का काम कर रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि वह ऐसा कुछ नहीं कर सकते। आज तक उन्होंने जनता को मुफ्त के सपने दिखाकर देश को गड्ढे में धकेलने का काम किया। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा सिर्फ विकास की बात की। भाजपा ने कभी भी जनता को झूठे सपने नहीं दिखाए, जो कहा उसे जरूर पूरा किया। इसी का नतीजा है कि आज देश तरक्की कर रहा है। उत्तराखंड में सड़कों का मजबूत जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि वह इसी तरह देश का विकास चाहते हैं तो भाजपा को वोट दें।
मंगलवार को देवी रोड स्थित एक गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में आज जो भी सड़कें दिखती हैं, वह भाजपा के मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की सोच का नतीजा है। उन्होंने उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जो आज भी लगातार जारी है। इसलिए जनता को इस बार मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री ऋतु भूषण खंडूड़ी का साथ देना है और उन्हें विजयी बनाना है, जिससे कोटद्वार भी विकास की दौड़ में आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ विकास कार्यों के दम पर वोट मांगती है, जबकि अन्य दल झूठे सपने दिखाकर वोट मांगते हैं। भाजपा जो कहती है, उसे जरूर पूरा करती है। कोरोना काल में भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने हर व्यक्ति की मदद की। प्रत्येक व्यक्ति तक जरूरी वस्तुएं पहंचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी। जबकि विपक्षी उस संकट की घड़ी में कहीं नहीं दिखाई दिए। आज वह जनता से घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं, उनसे जरूर पूछें कि तब आप कहां थे। जनता को समझना होगा कि उनका वोट बहुत कीमती है। उनका एक वोट धारा 370 हटाता है, उनके एक वोट से पांच सौ साल बाद भव्य राम मंदिर बन रहा है, उनके एक वोट से केदारनाथ त्रासदी के बाद एक बार फिर से और भव्य बन गया है।

भाजपा में काम करने की इच्छा शक्ति और ईमानदारी है : ऋतु भूषण खंडूड़ी
कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी ने कहा कि कोटद्वार में विकास की गंगा मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने बहाई। सड़कें जनरल खंडूड़ी ने बनाईं तो यहां के विधायक ने क्या किया। विपक्षियों ने नगर निगम का विरोध किया और जब नगर निगम का नोटिफिकेशन हो गया तो सबसे पहले चुनाव लड़ने आ गए। यदि आप नगर निगम के विरोध में थे तो चुनाव क्यों लड़ा। सिर्फभाजपा ही है जो जनता से सच बोलती है और दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ ईमानदारी से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही कोटद्वार को स्मार्ट सिटी बना सकती है, भाजपा ही कोटद्वार में कूड़ा निस्तारण की समस्या को हल कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!