बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सब पर चढ़ा होली का रंग, मस्ती में झूमते रहे लोग

Spread the love

नगर व आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास से मनाया गया होली का पर्व
जयन्त प्रतिनिधि ।
कोटद्वार : नगर व आसपास के क्षेत्रों में होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सब पर होली का रंग चढ़ा और सभी होली के गीतों पर दिनभर झूमते रहे। हालांकि, इस दौरान कुछएक स्थानों पर हल्की-फुल्की कहासुनी की घटनाएं भी हुईं। लेकिन इसके बावजूद लोगों ने जमकर होली का लुत्फ उठाया।
शुक्रवार को नगर व आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही होल्यारों ने टोलियों के रूप में गांव-गांव में भ्रमण शुरू कर दिया था। नाचते-गाते हुए होल्यार सभी को होली की बधाई देने के साथ एक-दूसरे पर गुलाल उड़ा रहे थे। इस बार की होली पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी, जिसे पुलिस ने स्वीकार किया और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने में अहम भूमिका निभाई। दरअसल, हाल ही में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए थे। जिससे विभिन्न दलों के समर्थकों के बीच बढ़ी दूरी के इस होली में चिंगारी का रूप लेने की संभावना जताई जा रही थी। इसके अलावा लकड़ी पड़ाव में हुए खूनी संघर्ष की तपिश भी होली के दिन बढ़ने की संभावना थी। ऐसे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नगर से लेकर भाबर तक पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात नजर आई। जिससे किसी भी प्रकार का खलल होली पर नहीं पड़ा।

पुलिस कर्मियों ने शनिवार को मनाया होली का जश्न
नगर में शुक्रवार को होली का पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के बाद सभी पुलिस कर्मियों ने शनिवार को होली का जश्न मनाया। कोटद्वार कोतवाली में सुबह से ही पुलिस कर्मी डीजे की धुन पर नाचते हुए नजर आए। सभी ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी और जमकर एक-दूसरे पर रंग लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *