जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नागारिक मंच ने विधानसभा के मुख्य समस्याओं का समाधान न होने पर आक्रोश जताया। कहा कि वर्तमान में लालढांग-चिलरखाल, मोटर नगर, मेडिकल कालेज, टाइगर सफारी जैसे मुद्दों पर कोई चर्चा तक नहीं हो रही है। कहा कि नगर निगम से संबधित समस्याओं को लेकर शीघ्र ही महापौर से मुलाकात की जाएगी।
व्यापार मंडल के सभागार में नागरिक मंच की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जन समस्याओं का समाधान न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि वर्तमान में कोटद्वार में लालढांग-चिलरखाल, मेडिकल कालेज, मोटर नगर, टाइगर सफारी, पार्किंग जैसे मुद्दे जस के तस पड़े हुए है। जिन पर कोई कार्यवाही छोड़िए, चर्चा तक तक नहीं हो रही है। नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी व सचिव अतुल भट्ट ने कहा कि विधानसभा का समग्र विकास करवाना मंच का मुख्य उद्देश्य है। कहा कि मोटर नगर बस अड्डा निर्माण, क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने व पार्किंग व्यवस्थाओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल महापौर शैलेंद्र सिंह रावत से मुलाकात करेगा। जिसमें समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए वार्ता की जाएगी। पदाधिकारियों ने तेलीस्रोत पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने व शिलान्यास किए जाने पर खुशी जताई। इस मौके पर प्रवेश नवानी, बाचस्पति बहुखंडी, महावीर सिंह रावत, एसएन पांडे, राजेंद्र पंत, हर्षवर्धन ध्यानी, राजेंद्र कोटनाला, विजय माहेश्वरी मौजूद रहे।