घर में फटा गैस सिलेंडर, 4 घायल

Spread the love

अल्मोड़ा। स्याल्दे क्षेत्र के मल्ला महरौली गांव में शनिवार रात करीब 8:45 बजे रसोई गैस के सिलिंडर में विस्फोट होने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को डोली के सहारे करीब ढाई किलोमीटर तक मुख्य मार्ग तक ले जाया गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मामले की जांच के लिए पहुंचे हैं। मिली जानकारी के अनुसार देघाट और सल्ट थाने के बॉर्डर के पास स्थित मल्ला महरौली गांव के रहने वाले बच्ची सिंह शाह के घर में रात करीब पौने नौ बजे सिलेंडर में आग लग गई, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया और घर में मौजूद उनका बेटा महेंद्र, बहू अंजलि तथा 8 साल की नातिन घायल हो गई। विस्फोट की आवाज सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों के फोन करने पर 108 और पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि घायलों को करीब ढाई किलोमीटर दूर डोली के सहारे पैदल मुख्य मार्ग तक लाया गया और वहां से अस्पताल भिजवाया गया। इनमें से महेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *