छात्र-छात्राओं व स्टाफ को आपदा प्रशिक्षण दिया
नई टिहरी। जनपद के भिलंगना ब्लक के जीआईसी घंडियालधार में गुरुवार को छात्र-छात्राओं सहित स्टाफ को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देते हुए आपदा से निपटने के गुर सिखाये। आपदा में सजग रहने की जानकारी भी दी गई। डीएम मयूर दीक्षित ने निर्देश पर जनपद के विभिन्न क्षेत्र के विद्यालयों में आपदा प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन विभाग की मदद से दिया जा रहा है। ताकि आपदा में लोग बेहतर बचाव कर सकें। इसी क्रम में जीआईसी घंडियालधार में आपदा प्रबंधन विभाग ने छात्र-छात्राओं व स्टाफ सहित कुल 85 लोगों को आपदा का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन एवं अन्य महत्वपूर्ण जन-जागरूकता संबंधी जानकारियां भी दी गई। जिनमें आपदा, आपदा के प्रकार भूकम्प, भूस्खलन, त्वरित बाढ़, वनाग्नि सहित आपदा पूर्व-दौरान-पश्चात की जानकारी दी गई। खोज बचाव उपकरणों की जानकारी, आपातकालीन स्ट्रेचर बनाना, प्राथमिक उपचार की जानकारी के साथ राज्य व जनपद आपातकालीन केंद्र के टोल फ्री नम्बरों की जानकारी और विद्यालय परिसर के सुरक्षित स्थान एवं निकासी मार्गो की भी जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य रघुवीर सिंह चौहान, अध्यापक हीरामणि भट्ट ने भी सभी छात्र-छात्राओ और उपस्थित कार्मिकों को संबोधित कर आपदा को लेकर सचेत रहने की अपील की।