जीआईसी कण्वघाटी में श्रीदेव सुमन पुण्य स्मृति में रोपे पौधे
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भाबर के राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी में राष्ट्रीय सेवा योजना ईकाई के तत्वाधान में श्रीदेव सुमन की पुण्य तिथि के अवसर पर श्रद्धाजंलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वंय सेवियों और स्थानीय युवाओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने श्री देव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन ने उत्तराखंड राज्य के लिए अपना बलिदान दिया है। उनके बलिदान और त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को श्रीदेव सुमन के जीवनवृत्त से प्रेरणा लेनी चाहिए और उसे अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। इस मौके पर स्वंय सेवियों और स्थानीय युवाओं ने विद्यालय परिसर में करीब 50 कटहल, आम और लीची के पेड़ों का रोपण किया। मुख्य अतिथि और कार्यक्रम अधिकारी रमाकांत कुकरेती ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को करीब 150 पौधे वितरित किए। कार्यक्रम में सुनीता बलूनी, मदन सिंह, महेंद्र सिंह, अमित भारद्वाज, राजगौरव नौटियाल, अनिल गौड़, अनुराग कोटनाला, राजीव डबराल, सुनील थपलियाल मौजूद रहे।