कोटद्वार-पौड़ी

विकास कार्यों के लिए नगर निगम को धन अवमुक्त करें सरकार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

महापौर हेमलता नेगी ने भेजा विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण को पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महापौर हेमलता नेगी ने प्रदेश सरकार से विकास कार्यों के लिए धन अवमुक्त करने की मांग की है। कहा कि धन के अभाव में नगर निगम के कई विकास कार्य धरातल पर नहीं उतर पा रहे हैं। जबकि, इस संबंध में कई बार प्रदेश सरकार को पत्र भी भेजे गए हैं।
महापौर हेमलता नेगी ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण को पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर विकास के सपने दिखाकर सरकार ने कोटद्वार नगर निगम का गठन किया था। लेकिन, अब सरकार नगर निगम को धनराशि भी उपलब्ध नहीं करवा रही है। पत्र में कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए जाते हैं। लेकिन, बजट के अभाव में यह योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं। कहा कि शहर में लगातार आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। नगर निगम की ओर से गौधाम निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि उपलब्ध करवाने के लिए कई बार शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। लेकिन, अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा, आवारा गौवंश आमजन के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। कहा कि अविभाजित उत्तर प्रदेश की भूमि पर कोटद्वार का सीवर फार्म हुआ करता था। यदि प्रदेश सरकार चाहे तो उक्त भूमि को दोबारा सीवर ट्रीटमेंट प्लांट व कूड़ा निस्तारण के लिए उत्तर प्रदेश से लिया जा सकता है। इससे शहर में सीवर व कूड़ा निस्तारण की समस्या का बेहतर निराकरण हो सकता है। कहा कि सरकार को मोटर नगर में बनने वाले आधुनिक बस अड्डे के विवाद को समाप्त करने के लिए नगर निगम का सहयोग करना चाहिए। पत्र में वार्डों में जलभराव, गूलों की मरम्मत, पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित अन्य योजनाओं के लिए बजट जारी करने की भी बात कही गई। कहा कि सरकार को नगर निगम भवन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर भी ध्यान देना चाहिए। साथ ही निगम में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!