देशभर में बदला मौसम का मिजाज, 13 राज्यों में अंधड़-बारिश का अलर्ट

Spread the love

नईदिल्ली, पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और हवा के ऊपरी हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में अंधड़ और बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज हुई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, असम, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, केरलम, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, हरियाणा से मणिपुर तक फैली ट्रफ लाइन उत्तर और पूर्वी भारत के मौसम का मिजाज बिगाड़ रही है, वहीं उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना के आस-पास बने सिस्टम के कारण आंधड़ और बारिश का असर देखा जा रहा है। 2 मई से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान और गिरवट आने की संभावना है। आज मेघालय में तेज हवाओं के साथ अत्यधिक बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन की आशंका है।
दिल्ली में बुधवार सुबह बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में धूल भरी आंधी चलने और कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। यहां पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में अंधड़ और हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसी प्रकार राजस्थान में बुधवार सुबह कई जगह बादल छाने से कुछ जगह गर्मी से राहत मिलती दिख रही है। 11 जिलों में अंधड़-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ जगह ओलावृष्टि की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *