सरकार एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू करे : बलजिंदर

Spread the love

रुद्रपुर। किसानों की बैठक में एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू करने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि पिछले वर्षों में एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू करने के दावे किए जाते हैं, मगर वास्तविकता में धान खरीद नहीं होती है। किसानों का धान औने-पौने दामों में बिक जाने पर सरकारी कांटे व कच्चे आढ़ती खरीद शुरू करते हैं। सितारगंज के एक निजी होटल में शुक्रवार को आयोजित किसानों की बैठक में भारतीय किसान यूनियन टिकैट के यूपी व राज्य प्रभारी बलजिंदर सिंह मान ने कहा कि सरकार घोषणा के अनुसार एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू करे। किसानों का भुगतान तत्काल मिले। उन्होंने तराई क्षेत्र के किसानों की उपज को एमएसपी दामों पर खरीदने की मांग की। किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से गन्ना मूल्य बढ़ाया नहीं जा रहा है या बहुत कम बढ़ाया जा रहा है। जबकि किसानों की लागत काफी बढ़ गई है। बैठक में बाजपुर में चल रहे भूमि बचाओ आंदोलन को समर्थन देते हुए मालिकाना हक देने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलित किसानों के आह्वान पर देशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जलाशयों के किनारे बसे गांवों को उजाड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सरकार से नियमितीकरण कर ग्रामीणों को भूमिधरी अधिकार देने की मांग की। कहा कि केंद्र सरकार दस साल से पुराने ट्रैक्टरों के लिए कबाड़ नीति लेकर आ रही है। कहा कि ट्रैक्टर प्रदूषण नहीं करता है, इसलिए उसको कबाड़ नीति से अलग रखा जाए। किसानों ने कहा कि सरकार कई किसान विरोधी बिल लाने की कोशिश कर रही है। इसमें बीज का बिल भी शामिल है। इससे बाहर की कंपनियां जीएम सीड्स लाकर बेचेंगी। बाहरी कंपनियों को सरकार इसका फायदा देना चाहती है। किसानों ने कहा कि यूपी सरकार ने ट्यूबवेल के लिए बिजली मुफ्त की है, उसी तर्ज पर राज्य के किसानों के लिए ट्यूबवेल बिजली मुफ्त दी जाए। यहां भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष जसवंत सिंह जस्सा, गुरसाहब सिंह गिल, गुरप्रीत सिंह औजला, योगेंद्र यादव, सुखदेव सिंह मौजृद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *