सीएम सिद्दारमैया के इस्तीफे की चर्चा के बीच राज्यपाल ने छोड़ा बेंगलुरु, सियासी हलचल तेज

Spread the love

बेंगलुरु , कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बेंगलुरु छोड़ने से राज्य की राजनीति में अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल की गैरमौजूदगी इस्तीफा प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगी और सिद्दारमैया गुरुवार दोपहर 3 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि सिद्दारमैया को निर्देश दिया गया है कि राज्यपाल के बेंगलुरु में नहीं होने के बावजूद वे अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में जमा करें। पार्टी नेताओं का कहना है कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा और सभी घटनाक्रम पहले से निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ेंगे। यह घटनाक्रम कर्नाटक कांग्रेस में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सामने आया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत के देर रात अचानक बेंगलुरु छोड़ने से राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ गई है।
सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल बुधवार रात 11:45 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि उन्होंने मुंबई में रात बिताई और गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर जाने की संभावना है। फिलहाल उनके बेंगलुरु लौटने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। राज्यपाल कार्यालय ने उनके अचानक दौरे की वजह पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी बताई है। हालांकि, उनके इस दौरे के समय को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई सवाल उठ रहे हैं। खासकर इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था।
सूत्रों के अनुसार, सिद्दारमैया ने बुधवार को राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था। इसके जवाब में राज्यपाल ने कथित तौर पर गुरुवार सुबह 11:30 बजे या फिर दोपहर 3 बजे के बाद मिलने की सहमति दी थी। ऐसे समय में राज्यपाल के बेंगलुरु छोड़ने से अटकलें और तेज हो गई हैं। घटनाक्रम की इस कड़ी ने राज्य में तेजी से बदल रही राजनीतिक स्थिति पर बहस को और बढ़ा दिया है।
हालांकि, कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को पार्टी में किसी भी ‘पावर शेयरिंगÓ व्यवस्था की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कांग्रेस में आधिकारिक तौर पर कोई चर्चा नहीं हुई है। वहीं, इन घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा है कि वह आज हर मुद्दे पर बात करेंगे। संभावना है कि वह बेंगलुरु स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘कावेरीÓ में कैबिनेट मंत्रियों के साथ नाश्ते की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करेंगे।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *