घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला

Spread the love

पोखड़ा विकासखंड के ग्राम बगड़ीगाड की घटना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पोखड़ा विकासखंड के ग्राम बगड़ीगाड़ में गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बना दिया। महिला गांव के समीप खेतों में चारापत्ती लेने के लिए गई हुई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त किया। साथ ही गुलदार को कैद करने के लिए गांव में पिंजरा लगाने की मांग उठाई। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी वन विभाग लापरवाह बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे की है। ग्राम बगड़ीगाड निवासी रानी देवी (65) पत्नी रमेश कुमार गांव के समीप ही चारा पत्ती काट रही थी। इसी दौरान उस पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि रानी देवी अपनी बहू सपना को दिन का खाना बनाने के लिए बोलकर घास काटने के लिए गई थी। काफी देर तक जब रानी देवी घर नहीं लौटी तो बहू सपना ने अपने बेटे कार्तिक को दादी को बुलाने के लिए भेजा। बताया कि जैसे ही कार्तिक वहां गया तो उस पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गया। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *