आबादी के बीच दिन दहाड़े घूम रहा गुलदार, दहशत में शहरवासी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार शहर में गुलदार की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। अब गुलदार दिन के उजाले में भी आबादी के बीच घूमता नजर आ रहा है। बुद्धा पार्क के समीप घूम रहे गुलदार की तस्वीर पास के एक होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। दिन दहाड़े गुलदार की मौजूदगी सामने आने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद वन विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।


कोटद्वार में जंगल से सटे आबादी वाले क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से गुलदार की आवाजाही बढ़ी है। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में गुलदार की मौजूदगी दर्ज होने से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पूर्व हरेंद्र नगर क्षेत्र में भी गुलदार घरों के आसपास घूमता दिखाई दिया था। इसकी तस्वीरें घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाई, जिससे कुछ समय के लिए गुलदार की गतिविधियां कम हुईं, लेकिन अब एक बार फिर उसकी सक्रियता सामने आ रही है। बुद्धा पार्क के समीप दिन में गुलदार के दिखाई देने से लोगों में भय है। स्थानीय लोगों के अनुसार गुलदार क्षेत्र में घूमने वाले स्ट्रीट डॉग्स के साथ ही पालतू कुत्तों को भी निशाना बना रहा है। इससे आबादी के बीच गुलदार के और अधिक नजदीक आने की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को आबादी से दूर नहीं किया गया तो मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। शहर के शिवपुर क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व गुलदार ने छत पर बैठी महिला पर हमला कर दिया था। वहीं सनेह क्षेत्र में भी गुलदार के हमले में एक महिला घायल हुई थी। इसके अलावा नजीबाबाद रोड, सूर्या नगर और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी गुलदार की आवाजाही की सूचना लगातार सामने आ रही है। उधर, घराट-कण्वाश्रम मार्ग पर भी गुलदार की मौजूदगी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गुलदार कई बार हाथी सुरक्षा दीवार के ऊपर बैठा दिखाई देता है। इस मार्ग से सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में मार्ग पर गुलदार की मौजूदगी लोगों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने गुलदार की लगातार बढ़ रही सक्रियता को लेकर वन विभाग से कई बार शिकायत की है। लोगों ने वन विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, गुलदार की निगरानी के लिए कैमरा ट्रैप लगाने और जरूरत के अनुसार पिंजरे लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि वन विभाग को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

सनेह मार्ग पर आवागमन हुआ बंद
सिद्धबली-सनेह मार्ग पर रविवार को गुलदार ने सुबह की सैर कर रहे एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया था। जिसके बाद क्षेत्र में लगातार गुलदार की धमक बनी हुई है। शाम ढलते ही लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने मार्ग पर सुबह व शाम के समय लोगों के आवागमन को रोक दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *