विकासनगर। त्यूणी क्षेत्र में चकराता वन प्रभाग के अंतर्गत देवघार रेंज की मझोग वीट में गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को गुलदार ने दो पशुपालकों के चार बकरों को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पीड़ित पशुपालकों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। बताया गया है कि रायगी निवासी कृपाल सिंह और छुमरा निवासी अनिल अपनी बकरियों को चराने के लिए मझोग वीट के जंगल क्षेत्र में ले गए थे। शाम को जब चार बकरे घर वापस नहीं पहुंचे तो पशुपालकों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब साढ़े सात बजे दलटूनाड जंगल क्षेत्र की झाड़ियों में चारों बकरे मृत मिले। घटना की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग को दी गई। सूचना पर वन वीट अधिकारी बलबीर चौहान मौके पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद बताया कि चारों बकरों को गुलदार ने मारा है। उन्होंने कहा कि मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि एक मादा गुलदार अपने शावकों के साथ पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम रही है, जिससे रायगी, शेडिया, छुमरा, भगवत, भाटगढ़ी, पटाला और मझोग क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। क्षेत्र पंचायत सदस्य आशा चौहान ने चकराता प्रभाग के डीएफओ से पीड़ित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने तथा ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।