बिग ब्रेकिंग

जंगल में घास लेने गई महिला पर गुलदार का हमला

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-घायल महिला को उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार में किया गया है भर्ती
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रिखणीखाल ब्लॉक के बुराई गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। बड़ी मुश्किल से महिला गुलदार के चंगुल से छूटी और अपनी जान बचाई। घायल महिला को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती किया गया है।
लैंसडौन वन प्रभाग के अदनाला रेंज के रेंजर नवीन जोशी ने बताया कि बुराई गांव निवासी 55 वर्षीय सुमित्रा देवी सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुशओं के लिए चारा पत्ती लेने गांव के पास ही जंगल में गई थी। तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। सुमित्रा देवी जोर-जोर से चिल्लाने लगी और किसी तरह खुद को गुलदार के चंगुल से छुड़ाया। चिल्लाने की आवाज सुनकर गुलदार भाग और आसपास के लोग सुमित्रा देवी के पास पहुंच गए। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया। नवीन जोशी ने बताया कि महिला की पीठ और चेहरे पर गुलदार ने हमला किया है। महिला की हालत ठीक है और उनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने मौके पर मुआयना किया तो देखा कि जहां महिला पर गुलदार ने हमला किया, वहीं झाड़ियों में गुलदार ने एक सुअर को भी मारा हुआ था। उनके अनुसार गुलदार सुअर का शिकार कर रहा था, तभी महिला भी वहां से गुजर रही थी। महिला ने गुलदार व सुअर को नहीं देखा और उसी मार्ग पर आगे बढ़ती चली गईं, जिससे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों में दहशत, बढ़ा दी गई है गश्त
घटना के बाद से बुराई गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। रेंजर नवीन जोशी का कहना है कि इससे पहले क्षेत्र में कभी भी जंगली जानवर द्वारा किसी मनुष्य पर हमले की सूचना नहीं मिली थी। यह पहली घटना है तो पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!