नैनीडांडा ब्लॉक क्षेत्र में बढ़ता जा रहा गुलदार का आतंक, दहशत में लोग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नैनीडांडा ब्लॉक के कई गांवों में लंबे समय से गुलदारों का आतंक बढ़ता जा रहा है। हर क्षेत्र में गुलदार दिखाई दे रहे हैं व पालतू पशुओं को निवाला बना रहे हैं। लगातार गुलदार की सक्रियता से लोग दहशत में है। छोटे बच्चों, खेत, गौशाला आदि में काम करने वाली, पशुओं के लिए घास चारा आदि का इंतजाम करने वाली महिलाओं के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है। गुलदार के भय से शाम को अंधेरा होने से पहले ग्रामीण अपने घरों में कैद होने को मजबूर है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
हल्दूखाल, नैनीडांडा, खिरैरीखाल, भौन, पीपली, मोरगढ़, डडवाड़ी, खिरैरी, चरपाणी, कुलैंखांद, सल्डमहादेव, शंकरपुर, कसाना, नाला, छोटी दीवा, कोचियार, जड़ाऊखांद क्षेत्र में गुलदार देखे जाने, पालतू पशुओं को निवाला बनाने की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं। ग्राम प्रधान प्रियंका देवी ने बताया कि दो दिन पहले खिरैरी गांव के पास चरपाणी के धर्मपाल की एक गाय व एक बछड़े को गुलदार ने मार डाला। ज्येष्ठ उप प्रमुख ललित पटवाल ने बताया कि तीन दिन पहले पीपली के भूपेंद्र सिंह की पांच बकरियों को गुलदार ने एक साथ मार दिया था, जिसकी सूचना वन विभाग को दे दी गई थी। क्षेत्रीय वनाधिकारी एमएस रावत का कहना है कि जहां जहां से इस तरह की घटनाओं की सूचना मिल रही है वहां गश्त टीम भेजी जा रही है। साथ ही पशु हानि पर नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों में आबादी क्षेत्र में झाड़ी कटान जरूरी है। घनी झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों को छुपने की जगह मिल जाती है। क्षेत्रीय वनाधिकारी ने लोगों से सावधानी से आवागमन करने, जंगल में अकेले न जाने व अंधेरा होने पर पैदल व दोपहिया वाहन से आवागमन न करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *