हेलीकॉप्टर क्रैश : लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह को दी अंतिम विदाई
-गत आठ दिसंबर को हुए हेलीकॉप्टर कैश में मरने वालों में थे शामिल
-रविवार को दिल्ली के बरार स्क्वायर श्मशान घाट में हुआ अंतिम संस्कार
नई दिल्ली, एजेंसी : तमिलनाडु हेलीकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह को रविवार को अंतिम विदाई दी गई। लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, थलसेना प्रमुख एमएम नरवणे, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार समेत कई अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दिल्ली के बरार स्क्वायर श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हरजिंदर सिंह की पत्नी और बेटियां भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी अपने पिता को नम आंखों से विदाई दी।
बता दें कि आठ दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर क्रैश में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह भी शामिल थे। इस हादसे में सिर्फ आइएएफ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह जिंदा बचे हैं, जिनका बेंगलुरु के कमांड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। रविवार को कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कमांड हॉस्पिटल का दौरा किया और डाक्टरों से मिलकर वरुण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। आइएएफ से शनिवार को मिली जानकारी के मुताबिक, वरुण सिंह को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है और उनकी हालत अभी नाजुक लेकिन स्थिर बनी हुई है। कर्नाटक के गृह मंत्री ने वरुण के माता-पिता से भी मुलाकात की।
वरुण की सलामती के लिए पूरे देश में दुआओं का सिलसिला जारी है। उनके पिता कर्नल केपी सिंह सेना से रिटायर हैं। वह यूपी के देवरिया में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली गांव के रहने वाले हैं। वे अपनी पत्नी उमा सिंह के साथ मध्यप्रदेश के भोपाल में रहते हैं। वरुण सिंह के भाई तनुज सिंह नौसेना में हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की वर्तमान में तैनाती तमिलनाडु के वेलिंग्टन में है। वरुण सिंह के परिवार में पत्नी गीतांजलि और बेटा रिद्धिमन व बेटी आराध्या हैं।