विकासनगर (देहरादून)। जनपद के कोतवाली सहसपुर अंतर्गत बल्लूपुर दून पांवटा फोरलेन पर शाहपुर-धर्मावाला स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत कर्मचारी के साथ हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत कार सवार युवकों ने मारपीट कर डाली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। साथ ही कुछ कर्मियों ने पूरी घटना की वीडियो रिकार्डिंग भी की। पुलिस ने कर्मी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली सहसपुर में निशांत कुमार निवासी ग्राम शाहपुर कल्याणपुर ने दी तहरीर में बताया कि वह नव निर्मित बल्लूपुर दून पांवटा फोरलेन पर शाहपुर-धर्मावाला स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत हैं।
रविवार की रात 2:21 बजे हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार टोल प्लाजा पर लगे ऑटोमेटिक फास्टटैग रीडर द्वारा टोल कटने के बाद कार में बैठे युवक भड़क उठे।
उन्होंने टोल पर मौजूद कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम्हारी इतनी हिम्मत कि तुमने हमारी गाड़ी का टोल काट दिया और यह भी कहा कि तुम्हारी हमारी पहुंच का अंदाजा नहीं है। यह लोग शराब के नशे में थे। उसने व अन्य टोल कर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और अपनी शान दिखाने के लिए गाली-गलौज करते रहे। उन्होंने अपनी गाड़ी को लेन में खड़ा कर दिया, जिससे ट्रैफिक भी बाधित हो गया। वाहन में बैठे दो अज्ञात युवकों ने उसे अपशब्द कहने शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों युवक कार से उतरकर उसकी पिटाई करने लगे।इनमें से एक व्यक्ति टोल की फास्ट टैग पोर्टेबल मशीन लेकर आया और उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
इसके बाद भी उन्होंने उसे लात-घूसों से मारना जारी रखा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। एक युवक ने कार चढ़ाकर मार डालने की धमकी भी दी। साथ ही धमकी दी कि उसके खिलाफ पहले से ही 16 मुकदमे चल रहे हैं। उनके साथ मौजूद एक लड़की ने भी उसको जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद, ये लोग वहां से भाग गए।