कलयुगी मां का खौफनाक कदम, आईफोन फैक्ट्री के टॉयलेट में नवजात को जन्म देते ही रेता गला

Spread the love

बेंगलुरु , कहा जाता है कि दुनिया में मां की ममता से बढ़कर कुछ नहीं होता, लेकिन बेंगलुरु से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है जिसने इस पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है। यहां एक 19 साल की अविवाहित लड़की ने अपने ही जिगर के टुकड़े को जन्म देते ही मौत के घाट उतार दिया। इस कलयुगी मां ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए कारखाने के टॉयलेट में पहले नवजात का बेरहमी से गला रेता और फिर उसे कूड़ेदान में फेंक दिया।
कारखाने के शौचालय में दिया बच्चे को जन्म
दिल दहला देने वाली यह घटना बेंगलुरु ग्रामीण जिले में स्थित आईफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन के कारखाने की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लड़की की पहचान रेणुका के रूप में हुई है, जो इसी फैक्ट्री में काम करती है। अधिकारियों को शक है कि ड्यूटी के दौरान जब वह टॉयलेट गई तो उसे अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसके बाद उसने किसी को खबर किए बिना वहीं शौचालय के अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
बदनामी के डर से मासूम को दी खौफनाक मौत
शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुंवारी होने के कारण सामाजिक बदनामी और कलंक के डर से लड़की ने यह खौफनाक कदम उठाया। जन्म देने के बाद उसने बिना कोई रहम खाए अपने नवजात बच्चे का गला काट दिया। हत्या करने के बाद उसने मासूम के शव को एक काली पन्नी में डाला और टॉयलेट में रखे डस्टबिन में फेंक दिया। इस क्रूर वारदात का खुलासा तब हुआ जब फैक्ट्री का ही एक अन्य कर्मचारी वहां गया और उसकी नजर डस्टबिन में पड़े बच्चे के क्षत-विक्षत शव पर पड़ी।
आरोपी लड़की अस्पताल में भर्ती, हत्या का केस दर्ज
डस्टबिन में नवजात का शव मिलने से कारखाने में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही विश्वनाथपुरा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी लड़की रेणुका की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। फिलहाल प्रसव के बाद उसकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *