उक्रांद के सदस्यता अभियान में सैकड़ों लोग शामिल, संगठन मजबूती का लिया संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल महानगर कोटद्वार की ओर से भाबर क्षेत्र में सदस्यता अभियान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उक्रांद की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती और केंद्रीय संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि कण्वाश्रम केवल कोटद्वार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड की गौरवस्थली है, जहां चक्रवर्ती सम्राट भरत का जन्म हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी राष्ट्रीय दलों की सरकारों ने कण्वाश्रम के विकास की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि उक्रांद की सरकार बनने पर कण्वाश्रम का विकास प्राथमिकता में होगा। डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र वन कानूनों और जंगली जानवरों की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कठोर वन कानूनों के कारण सड़क समेत कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने लंबे समय से लंबित चिल्लरखाल-लालढांग मोटर मार्ग के निर्माण का मुद्दा भी उठाया और कहा कि उक्रांद पर्यावरण संरक्षण और मानव विकास के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगी। केंद्रीय महामंत्री कर्नल (सेनि.) कैलाश देवरानी तथा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महीपाल सिंह पुंडीर ने सैनिकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। केंद्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश भारद्वाज ने सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र सिंह रावत ने की। इस दौरान सीमा बिष्ट ने चिल्लरखाल-लालढांग मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई। कार्यक्रम में पितृशरण जोशी, प्रमोद काला, देवेंद्र सिंह रावत, भारत मोहन काला, रवींद्र सौंद, दीपा अधिकारी, उमेद सिंह भंडारी, रोहित डंडरियाल, पंकज डबराल, पंकज उनियाल, अर्चना भट्ट और नरेश धस्माना सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *